हैदराबाद: महिला पशु चिकित्सक की जली हुई लाश हैदराबाद के बाहरी इलाके शादनगर के अंडरपास के पास मिली थी। महिला डॉक्टर को न्याय दिलाने के लिए सोशल मीडिया पर भी मांग उठ रही है। अपनी मौत से पहले महिला डॉक्टर ने अपनी बहन से फोन पर बात की थी और कहा था कि मुझे डर लग रहा है, इसके बाद ही उसका फोन स्विच ऑफ हो गया था और उसकी जली हुई लाश बरामद हुई थी। मैकेनिक शमसेर आलम के अनुसार एक युवक डॉक्टर प्रियंका की स्कूटी लेकर बुधवार की रात के 9.30 बजे उसके यहां आया था और स्कूटी छोड़ गया।
पुलिस ने हत्या का मुकद्दमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से लेकर महिला डॉक्टर की कॉल डिटेल सब खंगाल रही है। वहीं इस पूरे मामले में शमसाबाद के डिप्टी कमिश्नर प्रकाश रेड्डी ने मौके का मुआयना करने के बाद कहा कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने महिला की हत्या के बाद उसकी बॉडी को जला दिया।
यह है पूरा मामला
महिला डॉक्टर बुधवार को कोल्लुरु स्थित पशु चिकित्सालय गई थी जहां उसने अपनी स्कूटी को शादनगर के टोल प्लाजा के पास पार्क कर दिया। रात को जब वह लौटी तो उनकी स्कूटी पंक्चर थी, इसके बाद महिला डॉक्टर ने अपनी बहन को फोन किया और पूरी जानकारी दी। महिला डॉक्टर को उसकी बहन ने टोल प्लाजा जाने और कैब से आने की सलाह दी थी
तभी महिला डॉक्टर ने बताया कि कुछ लोग उसकी मदद के लिए आए हैं वो थोड़ी देर में कॉल करती है। थोड़ी देर बाद जब उसकी बहन ने दोबारा प्रियंका को फोन किया तो मोबाइल स्विच ऑफ था। तभी परिजन शादनगर टोल प्लाजा के पास महिला डॉक्टर की खोजबीन के लिए गए लेकिन वह वहां नहीं मिली। अगली सुबह शादनगर के अंडरपास के पास महिला डॉक्टर की जली हुई लाश बरामद हुई।